डोंगरगढ़ में बड़ा हादसा: रेलवे के गहरे गड्ढे में डूबने से 3 मासूमों की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल
Thursday, Jul 16, 2026-11:26 AM (IST)
डोंगरगढ़ (हेमंत पाल): छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम बोरतलाव में एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे खेलते-खेलते गांव के पास स्थित एक गहरे गड्ढे में नहाने के लिए उतर गए, जहां डूबने से उनकी जान चली गई। मृतक बच्चों की उम्र 5 से 7 वर्ष के बीच बताई जा रही है। तीनों बच्चे ग्राम बोरतलाव के ही निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, जिस गड्ढे में यह हादसा हुआ, उसे रेलवे निर्माण कार्य के लिए निजी जमीन पर रेलवे प्रशासन द्वारा खुदवाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इस हादसे के लिए रेलवे प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गहरे गड्ढे को न तो सुरक्षित किया गया और न ही वहां किसी प्रकार की चेतावनी संबंधी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था की गई। इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

