कांग्रेस विधायक ASP के पैर छूने लगे, सड़क पर किया दंडवत; MP में हाईवोल्टेज ड्रामा
Monday, May 11, 2026-06:14 PM (IST)
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट को जिलाबदर किए जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में किसान जयराम जाट घायल हो गए, जबकि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस विधायक महेश परमार और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस का वीडियो सामने आया है। वीडियो में विधायक महेश परमार एडिशनल एसपी आलोक शर्मा के पीछे-पीछे चलते हुए उनके पैर पड़ने की कोशिश करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने सड़क पर दंडवत प्रणाम भी किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उज्जैन में गुंडे खुलेआम घूम रहे” — महेश परमार
विधायक महेश परमार ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट किसानों की आवाज उठाते थे, इसलिए उन्हें जिलाबदर कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन कार्रवाई किसानों की लड़ाई लड़ने वालों पर की जा रही है।
हाईकोर्ट पहुंचे अशोक जाट
जिलाबदर की कार्रवाई के खिलाफ किसान नेता अशोक जाट ने इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। मामले में अब 13 मई को सुनवाई होगी।
ट्रैक्टरों के साथ उज्जैन पहुंचे थे कार्यकर्ता
कांग्रेस विधायक महेश परमार, नेता मुकेश भाटी और कई किसान कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ उज्जैन पहुंच रहे थे। पुलिस ने उन्हें बड़नगर रोड ब्रिज के नीचे रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच करीब एक घंटे तक बहस और धक्का-मुक्की चली। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बैरिकेड पर चस्पा किया ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, लेकिन कलेक्टर मौके पर नहीं आए। इसके बाद कांग्रेस और जाट समाज के नेताओं ने बैरिकेड पर ही ज्ञापन चस्पा कर विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
21 मई को प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जाट समाज के युवा नेता राधे जाट ने प्रशासन को 21 मई तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि यदि अशोक जाट को राहत नहीं मिली और मांगें नहीं मानी गईं, तो 21 मई को प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अगला प्रदर्शन भोपाल में होगा।
किसान कांग्रेस का आरोप
प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी किसानों से मंडियों के बाहर फसल खरीदते समय ज्यादा अनाज वसूल रहे थे। किसान नेता अशोक जाट ने इसका विरोध किया, लेकिन व्यापारियों पर कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन ने अशोक जाट पर सरकारी कार्य में बाधा का केस दर्ज कर उन्हें जिलाबदर कर दिया।

