कांग्रेस विधायक ने विजयवर्गीय को बताया इंदौर का बेताज बादशाह ! ‘शूर्पणखा’ वाले बयान को बताया सही, विवाद बढ़ा तो लिया U-टर्न
Monday, Apr 10, 2023-06:25 PM (IST)

भोपाल: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के शूर्पणखा वाले बयान का दिग्विजय सिंह के भाई व चाचौड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह ने समर्थन किया है। कांग्रेस विधायक ने कैलाश विजयवर्गीय के बयान को सही बताया है। उन्होंने कहा कि इंदौर अहिल्या देवी की संस्कार वाली नगरी संस्कार का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही साथ विजयवर्गीय को इंदौर का बेताज बादशाह बताया। इस ट्वीट को लेकर लक्ष्मण सिंह जमकर ट्रोल भी हुए।
कैलाश जी का वक्तव्य "शूर्पनाखा"वाला सुना।कुछ मायने में सही है,इंदौर अहिल्या देवी की संस्कार वाली नगरी है,पहनावे पर ध्यान तो रखना चाहिए।परंतु कैलाश भाई आप इंदौर के बेताज बादशाह हो,फिर यह कैसे हो रहा है?@BJP4MP @INCMP
— lakshman singh (@laxmanragho) April 9, 2023
हालांकि लक्ष्मण सिंह के ट्वीट पर विवाद बढ़ा तो उन्होंने इस पर सफाई देते हुए कहा कि महिलाओं की शूर्पणखा से तुलना करना गलत है। विजयवर्गीय ने कुछ ज्यादा ही कह दिया। उन्हें महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। वहीं महिलाओं को भी कपड़े अपनी संस्कृति के हिसाब से पहनने चाहिए।
लक्ष्मण सिंह के इस ट्वीट पर सियासत शुरु हुई तो कांग्रेस ने बयान से किनारा कर लिया। कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता कहा कि लक्ष्मण सिंह के ये विचार व्यक्तिगत है। इससे पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। हमारी पार्टी नारियों का सम्मान करती है। नारियों को अपमानित करने वाले बयानों की आलोचना करते हैं।
क्या कहा था कैलाश विजयवर्गीय ने...
इंदौर में जैन समाज के एक कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने लड़कियों के पहनावे को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं, महिलाओं को हम देवियां कहते हैं, लेकिन उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता, शूर्पणखा जैसी दिखती हैं। आजकल जब रात को निकलता हूं तो लड़कों को नशे में देखता हूं, तो ऐसा लगता है पांच-सात धर दूं कि नशा उतर जाए। भगवान कसम हनुमान जयंती पर झूठ नहीं बोल रहा।'
वहीं कैलाश विजयवर्गीय को महिला कांग्रेस अध्यक्ष साक्षी शुक्ला ने वकील सौरभ मिश्रा के जरिए नोटिस भेजा है। तीन पेज के इस नोटिस में उन्होंने विजयवर्गीय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर खेद व्यक्त करने की मांग की है, माफी मांगने की सूरत में विजयवर्गीय के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।