Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस कार्यालय पर बिजली बिल का नोटिस! 10 हजार बकाया पर कुर्की कार्रवाई, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

Wednesday, Mar 18, 2026-08:13 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : शहर में कांग्रेस कार्यालय पर बिजली विभाग द्वारा बकाया बिल को लेकर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। विद्युत विभाग ने करीब 10,101 रुपए के बकाया को लेकर कुर्की एवं मांग पत्र कार्यालय के बाहर चस्पा किया, जिसके वीडियो सामने आए हैं। मामले ने तूल तब पकड़ा जब इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया, जबकि भाजपा ने इसे नियमों के तहत सामान्य कार्रवाई बताया है।

PunjabKesari

कांग्रेस बोली—पुराने नाम पर कार्रवाई, यह साजिश

कांग्रेस के जिला संगठन महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी संतोष तिवारी ने आरोप लगाया कि नोटिस पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी के नाम पर चस्पा किया गया है, जबकि उनके बाद कई अध्यक्ष बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह पुराने नाम पर कार्रवाई करना संदेह पैदा करता है और यह भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका सहित कई जगहों पर लाखों रुपए के बिजली बिल बकाया हैं, यहां तक कि भाजपा नेताओं पर भी बकाया है, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

PunjabKesari

भाजपा का जवाब—नियम के तहत हुई कार्रवाई

वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय पटेरिया ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि किसी पर बिजली बिल बकाया है तो विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा। इसमें भाजपा की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से प्रशासनिक प्रक्रिया है।

वीडियो वायरल, बढ़ी सियासी हलचल

इस पूरे घटनाक्रम के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में कांग्रेस कार्यालय की दीवार पर नोटिस चस्पा किया जाता दिख रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में एक व्यक्ति उस नोटिस को फाड़ता नजर आ रहा है। घटना के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है, जिससे स्थानीय राजनीति में गर्माहट बनी रहने के आसार हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News