कांग्रेस ने की दतिया उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी, अवधेश नायक को नहीं मिली जगह
Tuesday, Jul 14, 2026-09:35 AM (IST)
भोपालः कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक ने सोमवार को यह सूची चुनाव आयोग को भेजी। सूची में दतिया से टिकट के दावेदार रहे अवधेश नायक को शामिल नहीं किया गया है। पार्टी ने दतिया के पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, सेंवढ़ा के पूर्व विधायक राधेलाल बघेल तथा पूर्व मंत्री महेन्द्र बौद्ध सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है।
सूची में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जैसे प्रमुख नेताओं को भी स्थान दिया गया है। कांग्रेस ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के नेताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव की सगे भाइयों की जोड़ी भी शामिल है।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके पुत्र, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर चुकी है, जिसमें मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों तथा संगठन के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
कांग्रेस ने की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी


