Punjab Kesari MP ads

सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस का मास्टर प्लान,MP में कांग्रेस ने चला बड़ा दांव, युवाओं को साथ जोड़ने के लिए बनाई बड़ी रणनीति

Wednesday, Jun 03, 2026-03:47 PM (IST)

डबरा (भरत रावत): ग्वालियर ग्रामीण की राजनीति में कांग्रेस ने एक बड़ा दांव चल दिया है। अब लड़ाई सिर्फ सड़कों और सभाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सोशल मीडिया के मैदान में भी कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे ने प्रेस वार्ता के दौरान IT सेल और यूथ कांग्रेस के माध्यम से गांव-गांव और बूथ-बूथ तक युवाओं को जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई सेना तैयार करेगी, जो पार्टी की विचारधारा और जन मुद्दों को जनता तक पहुंचाएगी।

 

PunjabKesari

हर गांव, हर मोहल्ले में प्रतिभाशाली युवा मौजूद- जोहरे

ग्वालियर ग्रामीण कांग्रेस की प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे ने कहा कि आज हर गांव, हर मोहल्ले और हर घर में प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं, लेकिन उन्हें सही मंच और दिशा की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस ने बूथ स्तर तक IT सेल और यूथ कांग्रेस को सक्रिय करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे युवाओं को खोजेगी जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, समाज और राजनीति में रुचि रखते हैं तथा जनता की आवाज को डिजिटल माध्यमों से बुलंद कर सकते हैं। कांग्रेस का लक्ष्य केवल सदस्य बनाना नहीं, बल्कि एक मजबूत डिजिटल संगठन तैयार करना है।

"घर-घर से निकलेंगे युवा, बूथ-बूथ बनेगी डिजिटल टीम"

प्रेस वार्ता के दौरान जब भाजपा के IT सेल को लेकर सवाल पूछा गया तो प्रभु दयाल जोहरे ने आत्मविश्वास के साथ बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का IT सेल विपक्ष की तुलना में कई गुना अधिक सक्रिय और प्रभावी है।

जोहरे ने कहा कि सोशल मीडिया आज राजनीतिक संवाद का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। कांग्रेस ऐसे युवा कलाकारों, कार्टूनिस्टों, वीडियो एडिटर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल प्रतिभाओं को खोज रही है, जो समाज के मुद्दों को रचनात्मक तरीके से सामने ला सकें। पार्टी इन प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें संगठन से जोड़ेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान डबरा और ग्वालियर ग्रामीण कांग्रेस में कथित गुटबाजी को लेकर भी सवाल उठे। इस पर जिला अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे ने स्पष्ट शब्दों में किसी भी प्रकार के मतभेद या गुटबाजी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा संगठन के सभी प्रकोष्ठ मिलकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पहले से अधिक मजबूत और संगठित होकर मैदान में उतर रही है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन करती है, सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करती है। जोहरे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरते हैं तो प्रशासन धारा 144 जैसे कदम उठाकर आंदोलनों को रोकने की कोशिश करता है। लेकिन कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ने से पीछे हटने वाली नहीं है और विपक्ष की भूमिका पूरी मजबूती से निभाती रहेगी।

ग्वालियर ग्रामीण कांग्रेस की इस नई डिजिटल रणनीति ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। बूथ स्तर पर IT सेल को मजबूत करने और युवाओं को सीधे संगठन से जोड़ने की यह पहल आने वाले समय में कितना असर दिखाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News