Punjab Kesari MP ads

"लाड़ली बहना योजना बंद कराना चाहती है कांग्रेस, खुद एक कौड़ी नहीं दी", CM मोहन यादव का आरोप

Thursday, Sep 24, 2026-05:05 PM (IST)

देवासः लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में हाल ही में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस राज्य की महिलाओं के हित में चलाई जाने वाली लाड़ली बहना योजना बंद कराना चाहती है। उन्होंने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को 'झूठ की गूंज' करार देते हुए गांधी के इस युवा संपर्क अभियान में शिक्षा के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज भी किया।

सीएम मोहन यादव ने जिले के पुंजापुरा में एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य में कांग्रेस की पिछली सरकारों ने आधी आबादी को एक कौड़ी नहीं दी, लेकिन भाजपा की मौजूदा सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सहायता राशि डाल रही है, तो 'कांग्रेस की छाती पर सांप लोट रहे हैं।' मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना बंद कराने के लिए कांग्रेस की एक नेता ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस योजना के तहत महिला हितग्राहियों को अब तक 55,000 करोड़ रुपये की राशि दे चुकी है। कांग्रेस की पूर्व पार्षद सुधा दुबे ने उच्च न्यायालय की ग्वालियर पीठ में दायर जनहित याचिका में गुहार की है कि लाड़ली बहना योजना बंद कराई जाए और सूबे की 1.25 करोड़ से ज्यादा महिला हितग्राहियों को दी जा रही 1,500-1,500 रुपये की मासिक सहायता पर रोक लगाई जाए। यह योजना 2023 के विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले शुरू की गई थी।

विश्लेषकों का मानना है कि सियासी रूप से बेहद संवेदनशील इस योजना ने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। मुख्यमंत्री यादव ने राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर कहा कि कांग्रेस के नेता (गांधी) इंदौर में झूठ की गूंज पैदा करके गए हैं। आपके (कांग्रेस) राज में विद्यालयों के 16 प्रतिशत बच्चे बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते थे, जबकि हमारी सरकार में यह दर शून्य प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के राज में वर्ष 2002-03 तक स्कूली शिक्षा का बजट महज 1,200 करोड़ रुपये था जिसे भाजपा की मौजूदा सरकार ने बढ़ाकर 38,000 करोड़ रुपये पर पहुंचा दिया है।

राहुल गांधी ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम में दावा किया था कि देश में एक लाख सरकारी विद्यालय बंद हो गए हैं जिनमें से 55 प्रतिशत शिक्षण संस्थान मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में हैं। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक निकाली जा रही 'सेवा संकल्प यात्रा' में शामिल प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संवाद किया। उस समय ये मोटरसाइकिल सवार प्रतिभागी देवास जिले के पुंजापुरा में थे जहां मुख्यमंत्री यादव ने उनका स्वागत किया। अलग-अलग राज्यों के युवाओं की भागीदारी वाली यह यात्रा मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर निकाली जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News