कांग्रेस का घंटा बजाओ आंदोलन, मंत्री चेतन्य काश्यप के घर का घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, कई कार्यकर्ता हिरासत में

Tuesday, Jan 06, 2026-05:02 PM (IST)

रतलाम (समीर खान) : इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर रतलाम में कांग्रेस का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। मंत्री चेतन्य काश्यप के निवास का घेराव करने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लोकेंद्र टॉकीज क्षेत्र में रोकने की कोशिश की, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार धक्का-मुक्की, झूमाझटकी और तीखी झड़प हुई, जिससे पूरा इलाका कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

PunjabKesari

प्रदर्शन के दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और शहर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस कार्रवाई से आक्रोशित कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और मंत्री चेतन्य काश्यप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात काबू में करने के नाम पर पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, जिससे आक्रोश और भड़क उठा।

PunjabKesari

कांग्रेस ने पुलिस को दिया चकमा

आंदोलन को रोकने की कोशिशों के बीच कांग्रेस ने रणनीति बदलते हुए पूर्व विधायक पारस सकलेचा को कार्यकर्ताओं के साथ अलग मार्ग से आगे बढ़ाया। जहां पुलिस लोकेंद्र टॉकीज पर प्रदर्शनकारियों को रोकने में उलझी रही, वहीं सकलेचा स्टेशन रोड पर प्रदर्शन करते हुए दिलबहार चौराहे तक पहुंच गए और सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।

PunjabKesari

प्रशासन पर भाजपा का एजेंट बनने का आरोप

शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले भाजपा युवा मोर्चा के कार्यक्रम को शहर में खुली छूट दी गई, लेकिन कांग्रेस के लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया।

PunjabKesari

कांग्रेस नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी कि जब तक इंदौर दूषित पानी मौत कांड के दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदारों को जेल नहीं भेजा जाता, तब तक आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News