आरक्षक भूला मर्यादा! थाने में ही थाना प्रभारी को दिखाए तेवर, काम के बारे में पूछने पर कॉलर खींचा, दी गालियां
Wednesday, May 06, 2026-12:58 PM (IST)
जबलपुर : पुलिस विभाग को अनुशासन के लिए पहचाना जाता है। लेकिन मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया, जब सबके सामने अनुशासन की धज्जियां उड़ी। मामला ग्वारीघाट थाने का है, जहां एक आरक्षक ने अपने ही थाना प्रभारी को कॉलर से पकड़ा और गाली गलौज की।
जानकारी के मुताबिक, थाने में ‘गणना’ के दौरान थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे ने आरक्षक अजय लोधी पर उनके काम को लेकर सवाल उठाए। काम पर सवाल उठाते ही आरक्षक आपे से बाहर हो गया और देखते ही देखते उसने सबके सामने हरिकिशन आटनेरे का गला पकड़ लिया। इस दौरान आरक्षक ने थाना प्रभारी के साथ गाली गलौज और धक्कामुक्की की। वहां मौजूद अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव करते हुए आरक्षक को समझाया और मामला शांत किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक (SP) को दी गई। उन्होंने फौरन एक्शन लेते हुए अनुशासनहीनता के आरोपी आरक्षक अजय लोधी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। इतना ही नहीं पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए जा सकते हैं।
इस पूरे विवाद में सबसे हैरान कर देने वाली बात यह रही कि इस शर्मनाक घटना पर जब टीआई हरिकिशन आटनेरे से मामले पर सवाल हुए तो उन्होंने इसे मामूली बात कहकर टालने की कोशिश की। हालांकि सरेआम हुई इस घटना ने सारे पुलिस महकमें की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

