मर्यादा भूले BJP सांसद, प्रबंधन को दी जमकर गंदी गालियां, निरीक्षण के दौरान सांसद ने पार की हद
Friday, Apr 24, 2026-04:07 PM (IST)
एमपी डेस्क : अनुशासन और सुशासन के लिए अपनी पहचान बताने वाली पार्टी के नेता शब्दों की मर्यादा भूल रहे हैं। ताजा मामला सांसद भोजराज नाग का सामने आया है। जहां उन्होंने ग्रामीणों के सामने ही गंदी गंदी गालियां बक दी। मामला छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम कच्चे स्थित आरी डोंगरी लौह खदान में मलबा धंसने की घटना से जुड़ा हुआ है। जहां सासंद निरीक्षण करने पहुंचे और प्रबंधन को फटकार लगाते हुए गंदी गालियां दी है।
जानकारी के अनुसार, करीब 12 दिन पहले खदान से मलबा धंसकर एक मकान पर जा गिरा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। ऐसे में एहतियात बरतते हुए प्रबंधन ने घटनास्थल के आस पास के 23 मकानों को खाली कराने और प्रभावित परिवारों को अन्य स्थान पर बसाने का निर्णय लिया। साथ ही नए घर बनाने का आश्वासन भी दिया।
इधर हादसे के बाद घबराए ग्रामीणों का कहना है कि खदान के कारण लगातार खतरा बना हुआ है, इसलिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थायी पुनर्वास दिया जाए। इस बीच कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग आज घटना स्थल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खदान प्रबंधन पर जमकर नाराजगी जताई और गाली देते हुए अमर्यादित बात कही।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटनास्थल के निरिक्षण के दौरान सांसद का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से गंदी गंदी गालियां देनी शुरु कर दी। हालांकि मामला चाहे जो भी हो लेकिन सांसद की अमर्यादित भाषा पर सवाल उठ रहे हैं। अटकलें लग रही है कि क्या यह एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा था या कुछ और?

