MP में अगले 24 घंटे भारी! 50 जिलों में तेज आंधी-बारिश का हाई अलर्ट, मौसम विभाग ने की ताजा भविष्यवाणी
Tuesday, Jun 30, 2026-10:21 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राज्य के कई जिलों में बारिश देखने को मिली। जबकि कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बरकरार है। हालांकि मानसून अब तक 15 जिलों में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसी बीच मौसम विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है। मंगलवार को करीब 50 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि 2 जुलाई को प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 50 जिलों में मौसम की चेतावनी जारी की है। इस दौरान भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी सहित 50 जिलों में बारिश की आशंका जताई गई है। साथ ही 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 2 जुलाई से प्रदेश में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इस सिस्टम के असर से राज्य में अति भारी और भारी बारिश का दौर शुरू होगा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश में 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।

