MP में अगले 24 घंटे भारी! कई जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिल सकती है राहत
Thursday, Jun 18, 2026-11:41 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं और बारिश देखने को मिली। जबकि कुछ जिलों में अब भी गर्मी का असर बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है। करीब 30 जिलों में तेज आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरूवार को एमपी के 30 जिलों में मौसम की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान जबलपुर, सागर, रतलाम, नर्मदापुरम, विदिशा, कटनी, हरदा, खंडवा, शाजापुर, खरगोन, मंदसौर, बड़वानी, अलीराजपुर, आगर-मालवा, झाबुआ, धार, नीमच, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, दमोह, बैतूल, नरसिंहपुर, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, मंडला, छिंदवाड़ा, बालाघाट और सिवनी में तेज आंधी-बारिश की आशंका जताई हैं। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, शाजापुर, देवास, सीहोर, रायसेन, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया और शहडोल में गर्मी का असर रहेगा। जबकि रतलाम, छिंदवाड़ा-बालाघाट में हीट वेव का अलर्ट है। इन जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश की कोई आशंका नहीं जताई है। लोगों को गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने गर्मी से बचने के लिए सलाह दी है।
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। दोपहर के वक्त धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। साथ ही धूप में बाहर निकलते समय सिर को छाते से ढककर रखें आदि सलाह दी गई है। वहीं, प्रदेश के खराब मौसम वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहना होगा। तेज आंधी के चलते खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। किसानों को खेतों में काम करते वक्त ध्यान रखना होगा।

