Punjab Kesari MP ads

राज्य में अगले 48 घंटे भारी! कई जिलों में तेज आंधी बारिश मचाएगी तबाही, बिजली भी गरेगी; रहें सावधान

Wednesday, Jun 17, 2026-09:31 AM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम के सक्रिय बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों में प्रदेश के उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया, जबकि शेष क्षेत्रों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। राजधानी रायपुर में 17 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 42.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों पर समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड से होकर गुजरने वाली द्रोणिका भी बनी हुई है। इसके अलावा दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश से जुड़े एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव भी मौसम पर पड़ रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News