Punjab Kesari MP ads

1 करोड़ रिश्वत कांड में बड़ा एक्शन, वायरल ऑडियो के बाद ASI और कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

Friday, Aug 14, 2026-04:25 PM (IST)

अंबिकापुर। साइबर ठगी के एक मामले की जांच के दौरान 1 करोड़ रुपए की कथित रिश्वत के आरोपों ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। मामले से जुड़ा ऑडियो वायरल होने के बाद सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर सेल में पदस्थ ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा को पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। कार्रवाई सरगुजा रेंज के IG दीपक कुमार झा के निर्देश पर की गई है।मामले में अंबिकापुर CSP राहुल बंसल पर भी रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, IG दीपक कुमार झा का कहना है कि अब तक CSP के खिलाफ 1 करोड़ रुपए के लेन-देन से संबंधित कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक वायरल ऑडियो के आधार पर ASI और कॉन्स्टेबल के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है।

CBI कोर्ट में पहुंचा मामला

हरियाणा निवासी आकाश कुमार की ओर से दिल्ली की CBI स्पेशल कोर्ट में दायर परिवाद में आरोप लगाया गया है कि साइबर ठगी के मामले में राहत देने और जांच में रियायत के बदले 1 करोड़ रुपए की कथित मांग की गई। शिकायत में यह भी आरोप है कि रकम हवाला के जरिए दो हिस्सों में पहुंचाई गई।

परिवाद में ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा पर कथित तौर पर रकम के लेन-देन में मध्यस्थ की भूमिका निभाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में छत्तीसगढ़ के DGP को भी नोटिस जारी होने की बात सामने आई है। अब इस प्रकरण में अगली सुनवाई 18 अगस्त को निर्धारित है।

20 लाख की साइबर ठगी से शुरू हुआ था मामला

पूरा विवाद अंबिकापुर के क्रशर कारोबारी रवि मोहन गोस्वामी की शिकायत से शुरू हुआ। शिकायत के मुताबिक शेयर बाजार में ट्रेडिंग के नाम पर ‘मनी ट्रेड 365’ और ‘स्काई ट्रेड’ एप डाउनलोड कराने के बाद उनसे करीब 20.15 लाख रुपए की ठगी की गई थी। रकम अलग-अलग बैंक खातों में कई किश्तों में ट्रांसफर कराई गई। पुलिस ने मामले में BNS की संबंधित धाराओं और IT एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। CSP राहुल बंसल के नेतृत्व में चली जांच में अब तक 23 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

जांच में रियायत के बदले रकम मांगने का आरोप

शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि मामले में जल्द चालान पेश करने और जांच रिपोर्ट में राहत देने के बदले 1 करोड़ रुपए की कथित मांग की गई। आरोप यह भी है कि रकम हवाला के माध्यम से दो किश्तों में 50-50 लाख रुपए के तौर पर पहुंचाई गई।

इसी दौरान कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा से जुड़ा एक कथित ऑडियो सामने आया, जिसमें पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया।

CSP पर आरोप, लेकिन पुलिस को नहीं मिला सबूत

सरगुजा IG दीपक कुमार झा के मुताबिक 1 करोड़ रुपए के लेन-देन के आरोपों को लेकर शिकायतकर्ता पक्ष से सबूत मांगे गए थे, लेकिन फिलहाल CSP राहुल बंसल के खिलाफ कोई प्रमाण पुलिस के सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि वायरल ऑडियो के आधार पर ASI और कॉन्स्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अब इस पूरे मामले में CBI स्पेशल कोर्ट की अगली सुनवाई और आगे सामने आने वाले साक्ष्यों पर नजर रहेगी। फिलहाल 1 करोड़ रुपए की कथित रिश्वत का आरोप जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News