दामोदर यादव का सियासी धमाका! बोले- राजेंद्र भारती ने कांग्रेस को हराने में लगा दी पूरी ताकत, घनश्याम को मिला नरोत्तम का फुल सपोर्ट
Saturday, Aug 01, 2026-05:59 PM (IST)
दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और कांग्रेस पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दोनों प्रमुख दलों ने मिलकर चुनावी रणनीति बनाई, ताकि दतिया में उभर रही तीसरी राजनीतिक ताकत को रोका जा सके। हालांकि, उनका कहना है कि जनता ने इस रणनीति को स्वीकार नहीं किया और अब बदलाव के पक्ष में माहौल बन चुका है।
दामोदर यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह वास्तविक रूप से कांग्रेस के उम्मीदवार नहीं, बल्कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने दावा किया कि घनश्याम सिंह को पहले भी आर्थिक सहयोग मिला था और इस संबंध में उनके पास प्रमाण मौजूद हैं। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कोई दस्तावेज या साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।
आसपा प्रत्याशी ने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कई प्रमुख समर्थक खुलकर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में सक्रिय दिखाई दिए। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर भी भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। यादव के अनुसार, मतदान से ठीक पहले हुई एक बैठक में राजेंद्र भारती ने कथित तौर पर कार्यकर्ताओं से कांग्रेस प्रत्याशी को हराने की बात कही थी।
दामोदर यादव ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के बीच कथित राजनीतिक समझ के बावजूद दतिया की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान और युवाओं का समर्थन आजाद समाज पार्टी को मिल रहा है और पार्टी उपचुनाव में मजबूत प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करेगी।
हालांकि, दामोदर यादव द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर भाजपा, कांग्रेस, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, कुंवर घनश्याम सिंह और राजेंद्र भारती की ओर से इस खबर लिखे जाने तक डेट कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

