घनश्याम सिंह ने मुझे 2028 चुनाव में मौका देने का लालच दिया था, राजेंद्र भारती का एक और विस्फोटक खुलासा
Friday, Jul 31, 2026-09:24 PM (IST)
(दतिया): दतिया उपचुनाव संपन हो चुका है और सबकी निगाहे 3 अगस्त पर टिकीं है। 3 अगस्त ही वो दिन होगा जब चुनावी नतीजें आएंगे। इससे पहले दतिया में एक जबरदस्त युद्ध छिड़ चुका है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती और मौजूदा प्रत्याशी घनश्याम सिंह के बीच आरोप-प्रत्यारोप का ऐसा सिलसिला चला है कि दतिया की सियासत हिल गई है। दोनों ने एक दूसरे पर बहुत बड़े और गंभीर आरोप लगाए हैं। मतगणना से पहले सामने आई इस तीखी गुटबाजी ने दतिया में राजनीतिक भूचाल ला दिया है.
साल 2028 चुनाव के लिए मौका देने का वादा किया-भारती
कांग्रेस प्रत्याशी कुँअर घनश्याम ने राजेंद्र भारती पर बड़े आरोप लगाते हुए जिले की राजनीति में सनसनी पैदा कर दी है। दो दिग्गज नेताओं की आपसी रार से कांग्रेस आलाकमान भी सोचने पर मजबूर है। अब राजेंद्र भारती ने घनश्याम पर वो आरोप लगाए हैं जो हड़कंप मचा रहे हैं।
राजेंद्र भारती ने दावा किया है कि चुनाव के ऐलान के बाद से घनश्याम सिंह ने उन्हें कई तरह के राजनीतिक लालच देने की कोशिश की। भारती ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि घनश्याम सिंह ने उनसे कहा था कि वे अभी दतिया से लड़ रहे हैं लेकिन साल 2028 का चुनाव सेवढ़ा सीट से लड़ लेंगे। इससे भारती के लिए रास्ता साफ हो जाएगा। भारती ने कहा कि उन्होंने उनका ये प्रस्ताव ठुकरा दिया । लिहाजा नतीजे से पहले ही दतिया की राजनीति में माहौल को पूरी तरह गरमा गया है, दो वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की लड़ाई से कांग्रेस के लिए अनोखी और दिक्कत वाली स्थिति पैदा हो गई है।
राजेंद्र भारती बोले- कायर और डरपोक हैं घनश्याम सिंह
घनश्याम सिंह के भारती पर लगाए भितरघात और गद्दारी के गंभीर आरोपों के बाद राजेंद्र भारती ने भी चुप्पी तोड़ी है।राजेंद्र भारती ने घनश्याम सिंह को कायर और डरपोक करार दिया है। राजेंद्र भारती बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान घनश्याम सिंह ने उन्हें कई तरह के राजनीतिक लालच दिए थे।

