पूर्व मुख्यमंत्री शाम 4 बजे करेंगे बड़ा ऐलान, क्या राजनीति से लेंगे रिटायरमेंट? बढ़ी सियासी हलचल
Sunday, Mar 08, 2026-03:18 PM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में रविवार को अचानक हलचल तेज हो गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री Digvijaya Singh आज शाम 4 बजे अपने सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान वे अपने ‘रिटायरमेंट प्लान’ को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। उनके इस संभावित फैसले को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, तीन दिन पहले दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने सवाल उठाया था— “मेरा रिटायरमेंट प्लान? शायद… क्यों नहीं।” इस वीडियो में एक दंपति की कहानी दिखाई गई थी, जो नौकरी से रिटायर होने के बाद पूरी भारत यात्रा पर निकल पड़ा।
वीडियो में 62 वर्षीय सिबानंद भंजा और उनकी पत्नी बसबी भंजा का जिक्र है। दोनों ने घर खरीदने की बजाय एक बड़ी कार खरीदी और उसी को अपना चलता-फिरता घर बनाकर भारत भ्रमण पर निकल पड़े। वर्ष 2024 से शुरू हुई उनकी यात्रा में अब तक वे करीब 55 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं। यात्रा के दौरान वे होटल में रुकने की बजाय कार में ही रहते हैं और खुद ही खाना बनाकर खाते हैं।
दिग्विजय सिंह द्वारा यह वीडियो साझा करने के बाद से ही उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें शुरू हो गई थीं। हाल ही में उन्होंने यह भी साफ कर दिया था कि वे दोबारा राज्यसभा नहीं जाना चाहते। उनका राज्यसभा सांसद के रूप में कार्यकाल जून 2026 में समाप्त होने वाला है।
ऐसे में माना जा रहा है कि शाम 4 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में वे अपने भविष्य की राजनीति या संभावित रिटायरमेंट को लेकर बड़ा संकेत दे सकते हैं। उनके इस फैसले पर सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, बल्कि भाजपा की भी नजर बनी हुई है, क्योंकि दिग्विजय सिंह को प्रदेश की राजनीति का अनुभवी और प्रभावशाली रणनीतिकार माना जाता है। अब सबकी नजर शाम 4 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी है, जहां साफ होगा कि दिग्विजय सिंह सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने वाले हैं या फिर किसी नई भूमिका में नजर आएंगे।

