डर्टी पॉलिटिक्स: कांग्रेस प्रत्याशी को नशे का कारोबारी बताकर भाजपा के नाम से बांटे जा रहे पर्चे
Wednesday, Jun 29, 2022-02:03 PM (IST)

डबरा(भरत रावत): डबरा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 23 में डर्टी पॉलिटिक्स का एक मामला सामने आया है। जहां कांग्रेस प्रत्याशी मीरा कमलेश राजोरिया के खिलाफ कुछ पर्चे बांटे जा रहे हैं। आरोप है कि ये पर्चे भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भीकम साहू द्वारा बांटे गए हैं। इन पर्चों में कांग्रेस प्रत्याशी को अवैध नशे का कारोबारी बताया गया है साथ ही ऐसे प्रत्याशी को मतदान ना करने की अपील जनता से की गई है। बांटे जा रहे पर्चो में निवेदक का नाम भीकम साहू भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष डबरा लिखा हुआ है।
भाजपा नगर मंडल का बयान...
वही पर डबरा नगर में बांटे जा रहे पर्चो पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भीकम साहू का कहना है कि वो और उनकी पार्टी इस तरह की द्वेषपूर्ण राजनीति ना ही करते हैं ना ही इस तरीके की राजनीति में विश्वास रखते हैं जिस किसी ने भी यह हरकत की है यह निंदनीय हैं और वह इसके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी करने जा रहे हैं। उनका बांटे जा रहे पर्चो से कोई लेना देना नहीं है। उनकी पत्नी खुद वार्ड नंबर 6 से भाजपा की पार्षद प्रत्याशी है और वो उनके चुनाव प्रचार में व्यस्त है।
तो वहीं पर कांग्रेस प्रत्याशी के पुत्र अभिषेक राजोरिया का कहना है कि उन्होंने अपने वकील से पर्चे बांटने वालों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। उनका इस तरीके के कारोबार से कोई लेना देना नहीं है यह उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है।