पूर्व मंत्री व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे का भतीजा गिरफ्तार, MP के बड़े घोटाले से जुड़ा है नाम
Saturday, Aug 01, 2026-01:24 PM (IST)
बालाघाट: मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे के भतीजे अविनाश कावरे और गोपाल ठाकुर को एसआईटी ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार देर रात हुई इस कार्रवाई की जिलेभर में चर्चा हो रही है। दोनों आरोपियों का नाम मध्य प्रदेश के चर्चित करोड़ों रुपए के फोर्टिफाइड चावल घोटाले से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी हर्ष राइस इंडस्ट्रीज का पार्टनर है।
ये है पूरा मामला
जांच के मुताबिक, जिलाध्यक्ष के करीबी गोपाल ठाकुर और भतीजे अविनाश कावरे हर्ष राइस इंडस्ट्री के पार्टनर हैं। जहां करोड़ों का चावल घोटाला पकड़ा गया था। एसआईटी ने मिल के साझेदार विनोद शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को अविनाश और गोपाल को वारासिवनी न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। सूत्रों की मानें तो आरोप है कि अविनाश और पूर्व में गिरफ्तार विनोद शर्मा एथेनॉल प्लांट प्रबंधन से साठगांठ कर सरकारी चावल की हेराफेरी कर रहे थे। एसआईटी को सबूत के तौर पर इसके सीसीटीवी फुटेज पहले ही मिल चुके हैं। इस मामले में अब हर्ष राइस मिल के मैनेजर से भी एसआईटी जल्द ही पूछताछ कर सकती है। गौरतलब है कि हाल ही में 28 जुलाई को एसआईटी ने भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई कुमार कावरे की हर्ष राइस इंडस्ट्री में100 से अधिक खाली बोरे और चार ट्रकों को जब्त किया था।

