पूर्व विधायक और लोकप्रिय वरिष्ठ नेता का अचानक निधन, भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों के नेता दुखी
Thursday, Jul 30, 2026-09:51 PM (IST)
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की भितरवार विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता बृजेंद्र तिवारी का गुरुवार को निधन हो गया। वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ थे और शहर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थे। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक दलों के नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
बृजेंद्र तिवारी लंबे समय तक सक्रिय राजनीति का महत्वपूर्ण चेहरा रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी से की थी और भितरवार विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी किया। बाद के वर्षों में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया और वहां भी सक्रिय भूमिका निभाई।
बीमारी के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेते रहे। यह उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता और व्यक्तिगत संबंधों का प्रमाण माना जा रहा है।
भितरवार क्षेत्र में बृजेंद्र तिवारी की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में थी, जो आम लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहते थे। क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी के कारण वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समर्थकों का कहना है कि बृजेंद्र तिवारी का जाना भितरवार की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

