दो दिन में भाजपा के दो नेता खत्म, एक और युवा नेता का हार्ट अटैक से निधन, पार्टी में शोक
Friday, Jul 17, 2026-09:44 PM (IST)
राजगढ़: राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भाजपा नेता मनोज राजपूत (42) के निधन की एक दुखद खबर सामने आई है। यहां सुबह की सैर के लिए निकले भाजपा नेता का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। एक ऐसी ही घटना में दो दिन पहले छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड नंबर 47 के भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया (48) का भी हार्ट अटैक से निधन हो गया था। दूसरे ही दिन हुई इस घटना से ब्यावरा में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, ब्यावरा नगर के वार्ड-13 के समाजसेवी और भाजपा के पूर्व पार्षद रोजाना की तरह सुबह की सैर के लिए निकले थे। वह अभी अंजनीलाल मंदिर क्षेत्र के पास ही टहल रहे थे कि अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे जमीन पर गिर पड़े। आस पास के लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सुनते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार शाम को उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई यहां विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों और भाजपा नेताओं ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। मनोज राजपूत की अचानक निधन से परिजनों पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हो। परिजन सदमें मे हैं। परिजनों के मुताबिक, मनोज प्रतिदिन सुबह कसरत करते थे और अंजनीलाल मंदिर क्षेत्र में नियमित टहलने जाया करते थे। वे स्वास्थ्य के प्रति लोगों को भी जागरूक करते थे और सुबह की सैर के लिए प्रेरित करते थे।

