राज्य को जल्द मिलने वाला है युवा कांग्रेस अध्यक्ष, रेस में ये दो बड़े चेहरे, कभी भी हो सकता है बड़ा ऐलान
Tuesday, Jun 16, 2026-08:24 PM (IST)
डेस्क: छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। हाल ही में दावेदारों का दिल्ली में इंटरव्यू हुआ है। इसके लिए छत्तीसगढ़ से लगभग 35 से ज्यादा दावेदार दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। अब सूची फाइनल होते ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही नए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। इस रेस में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के पुत्र आदित्य भगत, पूर्व विधायक अरुण वोरा के पुत्र संदीप वोरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वरशरण सिंहदेव, भूपेश बघेल के करीबी विनयशील, विधायक देवेंद्र यादव के करीबी शैलेंद्र बंजारे का नाम चर्चा में हैं। हालांकि सूत्रों की मानें तो इनमें पूर्व सीएम के करीबी और देवेंद्र यादव की पसंद का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। हालांकि आधिकारिक ऐलान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस की तरफ से इस पद को लेकर खींचतान की खबरें भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने विनयशील का नाम की सिफारिश की है, वहीं विधायक देवेंद्र यादव ने बलौदाबाजार के शैलेंद्र बंजारे का नाम आगे भेजा है। हालांकि इस विरोधाभास को लेकर विधायक देवेंद्र यादव ने सफाई दी है। उन्होंने किसी तरह की गुटबाजी या अंदरूनी खींचतान की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, ये केवल राजनीतिक अफवाह मात्र है। वहीं हाईकमान का कहना है कि प्रदेश नेतृत्व के लिए सभी नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है
कौन है विनयशील
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के करीबी विनयशील ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में नगर पंचायत चुनाव में जीत हासिल की थी। इसे जीत को उनकी राजनीतिक पकड़ और कामकाज से जोड़कर देखा जा रहा है। यही वजह है कि युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए विनयशील को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। विनयशील वरिष्ठ नेताओं की पसंद भी हैं।
चर्चा में शलैंद्र बंजारे का नाम
दूसरी तरफ बलौदाबाजार के शैलेंद्र बंजारे का नाम सामने आ रहा है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो उम्मीदवारों में शैलेंद्र बंजारे लगभग सभी नेताओं की पहली पसंद माने जा रहे हैं। इस दौड़ में शैलेंद्र बंजारे का नाम सबसे आगे हैं। वे भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के समर्थक रहे हैं।
मैं भी छात्र राजनीति से आया हूं- देवेंद्र यादव
इसी बीच विधायक देवेंद्र ने कांग्रेस यूथ प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में आपसी मतभेद को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम व उनके बीच कोई अलगाव नहीं है। ये राजनीतिक गलियारों में फैली हुई अफवाह है। उन्होंने कहा कि मैं भी NSUI के चुनाव से राजनीति में आया। राहुल गांधी ने युवाओं को आगे बढ़ने का मौका दिया। राजनीति में चुनाव जीतकर ही आ सकते हैं। ऐसे में जब चुनाव होते हैं, तो बहुत सारे लोग अपनी-अपनी पसंद के लोगों को प्रमोट करते हैं, मैंने भी वहीं किया। लेकिन इसका कोई गुटबाजी से लेना-देना नहीं है। चुनाव एक प्रतिस्पर्धा है, जो कांग्रेस के वैचारिक लोग हैं, वही इस रेस में आते हैं और वही मजबूती से खड़े रहते हैं।

