वन विभाग की टीम ने ट्रक में से भारी मात्रा में लौह अयस्क किया बरामद, चालक मौके पर फरार
Wednesday, Jul 15, 2026-11:02 AM (IST)
दंतेवाड़ा (आज़ाद सक्सेना): बैलाडिला के जंगलों में लौह अयस्क की तस्करी एक बार फिर सुर्खियों में है। वन विभाग बचेली परिक्षेत्र की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भारी भरकम ट्रक को धुरली-सातधार के बीच पकड़ लिया। ट्रक में भारी मात्रा में लौह अयस्क बरामद हुआ है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा जिले के बैलाडिला क्षेत्र से लौह अयस्क की तस्करी करने वाला एक ट्रक वन विभाग की टीम ने रात करीब 2:30 बजे पकड़ लिया। ट्रक चालक जप्ती की कार्रवाई शुरू होते ही भाग निकला। वाहन में भारी मात्रा में लौह अयस्क लदा हुआ था। पकड़ा गया ट्रक 14 चक्के का है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर CG08AX7342 है और यह दुर्ग का बताया जा रहा है। वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. प्रितेश पांडे के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वन विभाग की टीम अब ट्रक के मालिक की पहचान, रजिस्ट्रेशन की जांच और पूरे तस्करी नेटवर्क को उजागर करने में जुटी हुई है।
क्षेत्र के सूत्रों का कहना है कि बैलाडिला और बचेली में लौह अयस्क की तस्करी लंबे समय से जारी है। कुछ तस्कर एनएमडीसी के लोडिंग प्लांट में साठगांठ कर चोरी करवाते हैं, तो कुछ पहाड़ों में बिखरे अयस्क को उठाकर बाहर राज्यों में भेजते हैं।
पूर्व में बचेली के कई नामी तस्करों के नाम सामने आ चुके हैं, जो बाहर राज्यों की गाड़ियों का इस्तेमाल कर तस्करी करते रहे हैं। लेकिन कमजोर कानूनी प्रावधानों के कारण ज्यादातर मामलों में सिर्फ वाहन जब्त होते हैं और कुछ महीनों बाद मामूली जुर्माने देकर छूट जाते हैं। फिलहाल वन विभाग जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

