पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने शराब पीकर आरक्षक से की अभद्रता, पुलिस के पास पहुंचा मामला
Thursday, Mar 12, 2026-03:35 PM (IST)
रायपुर : छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर के पुत्र संदीप कंवर से जुड़े मामले में एक और प्रकरण दर्ज किया गया है। कोतवाली थाना में पदस्थ एक आरक्षक ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई।
जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद आरक्षक मौके पर पहुंचा था। इस दौरान संदीप कंवर द्वारा उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने संदीप कंवर की शराब के नशे की जांच कराई। अल्कोहल मीटर से जांच के दौरान वह नशे की हालत में पाया गया। कोरबा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरक्षक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि बुधवार को संदीप कंवर पर नशे की हालत में सड़क किनारे लगी एक दुकान को क्षतिग्रस्त करने, दुकान संचालक से मारपीट करने और अभद्रता करने का आरोप लगा था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर आगे की कारर्वाई कर रही है।

