MP में पूर्व MLA का निधन, राजनीति में अलग तरीके से हुई थी एंट्री, प्रदेश में दुख की लहर
Saturday, Mar 28, 2026-11:13 PM (IST)
(सतना): मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक दुखद खबर सामने आ रही है। चित्रकूट विधानसभा से पूर्व विधायक गणेश बारी का निधन हो गया है ।दरअसल लंबी बीमारी के बाद आज शनिवार को गणेश बारी ने अंतिम सांस ली। गणेश बारी बीमार होने के कारण कई दिनों से रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान उन्होंने आज शनिवार को अपनी सांसरिक यात्रा पूरी की।
गणेश बारी ने दुनिया को कहा अलविदा
आपको बता दें कि पूर्व विधायक गणेश बारी 16 मार्च से ही बीमार थे, मझगवां अस्पताल में उनका शुगर लेवल बढ़ गया था और वो बेहोश हो गए थे, उनकी किडनी ने काम करना कम कर दिया था। डॉक्टरों ने उन्हे सतना जिला अस्पताल भेजा था और आइसीयू में इलाज चल रहा था, लेकिन उन्हें हार्ट अटैक आ गया था जिसके चलते फिर उन्हें रीवा रेफर किया था। आज शाम करीब 8 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
पूर्व विधायक का राजनीतिक सफर
पूर्व विधायक गणेश बारी का राजनीतिक सफर काफी अलग है। ग्राम पंचायत चितरहा के चौरेही गांव के रहने वाले गणेश बारी भाजपा के पूर्व मंत्री और सांसद रहे रामानंद सिंह के पास पशु चराने का काम करते थे। लेकिन साल 1993 में चित्रकूट विधानसभा चुनाव एक अहम चुनाव साबित हआ। यहां से प्रेम सिंह कांग्रेस की टिकट की दावेदारी कर रहे थे लेकिन पार्टी ने उनकी जगह केपी शर्मा को टिकट दे दिया, नाराज प्रेम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी रामानंद सिंह से गठजोड़ कर लिया और दोनों ने मिलकर कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए बसपा से गणेश बारी को उम्मीदवार बनवा दिया। उन्होंने भाजपा के रामानंद सिंह और कांग्रेस के केपी शर्मा को चुनाव में हरा दिया और विधायक के तौर पर जीत गए थे।
आपको बता दें कि बसपा टिकट पर साल 1993 में विधानसभा का चुनाव जीते थे और साल 1998 तक विधायक रहे। कल रविवार को में गणेश बारी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। लिहाजा उनके निधन से परिवार और समर्थकों में दुख है।

