Punjab Kesari MP ads

अबूझमाड़ में गोलियों की गूंज: 3 नक्सली ढेर, देश ने खोया एक वीर जवान

Friday, Feb 06, 2026-03:59 PM (IST)

जगदलपुर: छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सबसे बड़े ऑपरेशन में एक बार फिर देश ने अपने वीर सपूत को खो दिया। गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ तहसील क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस के C-60 कमांडोज ने 3 नक्सलियों को ढेर कर दिया, लेकिन इस कार्रवाई में एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, 6 फरवरी की सुबह अबूझमाड़ के घने जंगलों में सर्चिंग पर निकली फोर्स पर नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभाला और 3 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 और एक SLR राइफल भी बरामद की गई है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

इलाज के दौरान जवान ने तोड़ा दम

मुठभेड़ के दौरान C-60 के कॉन्स्टेबल दीपक चिन्ना मदावी (38) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ उप-जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त कर ली। जवान की शहादत से पुलिस महकमे और इलाके में शोक की लहर है।

सर्च ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। आशंका है कि जंगल में अन्य नक्सली छिपे हो सकते हैं, इसी कारण सर्चिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है। मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि महाराष्ट्र पुलिस ने की है।

एक दिन पहले भी बड़ा एनकाउंटर

गौरतलब है कि 5 फरवरी को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने कुख्यात नक्सली कमांडर DVCM उधम सिंह को ढेर किया था। उधम सिंह 2021 के टेकुलगुड़ेम एनकाउंटर में शामिल था, जिसमें 22 जवान शहीद हुए थे। उधम सिंह प्लाटून नंबर 30 का कमांडर और जगरगुंडा एरिया कमेटी का प्रमुख था, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। नक्सलियों के खिलाफ जारी इस निर्णायक लड़ाई में सुरक्षाबलों का हौसला बुलंद है, लेकिन हर शहादत देश को झकझोर कर रख देती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News