Gold-Silver Price Crash: चांदी 10,000 सस्ती, सोना भी फिसला, जानिए Gold के ताजा भाव
Sunday, Apr 26, 2026-01:18 PM (IST)
भोपाल: भारतीय सर्राफा बाजार और Multi Commodity Exchange में इन दिनों भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ समय से रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची सोने और चांदी की कीमतों में अब अचानक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों के बीच हलचल मच गई है।
कितने गिरे चांदी के दाम
सबसे ज्यादा चर्चा चांदी की कीमतों को लेकर हो रही है। 20 अप्रैल को MCX पर चांदी 2,54,000 रुपए प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई थी, लेकिन अब कीमत गिरकर 2,44,321 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। यानी महज 5 दिनों के भीतर करीब 9,679 रुपए (लगभग 10,000) की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
कितने गिरे सोने के दाम
वहीं सोने की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली है। 20 अप्रैल को ₹1,54,000 प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर चुका सोना अब घटकर ₹1,52,700 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इस तरह सोने में भी करीब ₹1,300 प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती और ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली की वजह से कीमती धातुओं के दाम नीचे आए हैं। साथ ही वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव में आई हल्की स्थिरता ने भी निवेशकों को सुरक्षित निवेश से बाहर निकलने के लिए प्रेरित किया है।
इस गिरावट को शादी-ब्याह के सीजन में खरीदारी करने वालों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, इसलिए निवेश से पहले सावधानी बरतना जरूरी है।

