ग्वालियर मर्डर केस: नंदिनी पर ससुर का खुलासा - पैसों के लिए करती थी देह व्यापार, लगाए कई गंभीर आरोप
Monday, Sep 15, 2025-01:13 PM (IST)

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नंदिनी ठाकुर उर्फ नंदिनी केवट हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। हाल ही में नंदिनी के ससुर राजेंद्र परिहार ने मीडिया से बातचीत में कई चौंकाने वाले दावे किए हैं।
ससुर का बड़ा बयान
राजेंद्र परिहार का कहना है कि उनके बेटे अरविंद ठाकुर ने साल 2023 में नंदिनी से दूसरी शादी की थी। दोनों ग्वालियर में एक फ्लैट लेकर रहते थे और नंदिनी एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। लेकिन ससुर का आरोप है कि नंदिनी का स्वभाव अलग तरह का था। इंस्टाग्राम पर किसी भी अनजान लड़के से बातचीत कर लेना और उनसे मिलने तक चली जाना आम बात थी।
राजेंद्र ने तो यहां तक कहा कि नंदिनी पैसों के बदले संबंध भी बनाती थी और एक रात के लिए मोटी रकम लेती थी। यही बातें धीरे-धीरे अरविंद को खटकने लगी थीं।
नंदिनी ने एक थाना प्रभारी को भी फसाया था
नंदिनी पर यह भी आरोप लगाया गया कि उसने ग्वालियर के एक टीआई को झूठे केस में फंसा कर समझौते के नाम पर पैसे वसूले। राजेंद्र का कहना है कि इस मामले से ग्वालियर पुलिस के कई थाने परिचित थे।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
नंदिनी की पहली शादी गोटीराम केवट से हुई थी, जिससे उसका एक बच्चा भी है। उस वक्त भी नंदिनी ने अपने पति पर मारपीट और जबरन देह व्यापार कराने का गंभीर आरोप लगाया था। ससुर का दावा है कि उनके पास उस समय की अखबार की कटिंग आज भी मौजूद है।
उन्होंने यह भी कहा कि नंदिनी ने अरविंद से एंबुलेंस अपने नाम लिखवा ली थी और कुछ समय दिल्ली में भी गुजारा। यहां तक कि उसके कुछ आपराधिक तत्वों से भी संबंध थे, जिनके साथ मिलकर उसने अरविंद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
मायके वालों ने किया पलटवार
दूसरी ओर नंदिनी के मायके पक्ष ने ससुराल वालों के सभी आरोपों को नकार दिया है। उनका कहना है कि असली दोषी अरविंद ही है, जिसने नंदिनी पर लगातार मारपीट की और आखिरकार हत्या कर दी। अब नंदिनी के बच्चे को मायके वाले अपने साथ ले गए हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।