दिल दहला देने वाला हादसा: रेलिंग तोड़ नहर में गिरी कार, अंदर फंसे युवकों की तड़प-तड़प कर मौत
Saturday, Feb 07, 2026-02:38 PM (IST)
इटारसी: इटारसी–पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरोटा की बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गहरे पानी में जा गिरी। कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के नहर में गिरते ही कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह पानी में समा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार युवक अंदर फंसे हुए थे और जान बचाने के लिए विंडो ग्लास तोड़ने की कोशिश करते रहे। वे मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन कार लॉक हो जाने के कारण बाहर नहीं निकल सके।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रैसलपुर निवासी लकी पटेल (30) पिता भवानी शंकर पटेल, खीर पानी निवासी शिवम तिवारी (26) पिता महेश तिवारी और जय प्रकाश नगर, पुरानी इटारसी निवासी अभय उर्फ अभि चौहान (19) पिता राकेश चौहान के रूप में हुई है। कार लकी पटेल चला रहा था।
जान बचाने की नाकाम कोशिश
हादसे के तुरंत बाद एक स्थानीय युवक ने जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगाकर युवकों को बचाने की कोशिश की, लेकिन नहर की गहराई और तेज बहाव के कारण वह असफल रहा। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया।
शीशा तोड़ने के निशान, लेकिन बच नहीं सके
एसडीआरएफ की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार के अंदर शीशा तोड़ने के स्पष्ट निशान मिले हैं। युवक आखिरी सांस तक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन गहराई और पानी के दबाव के कारण सफल नहीं हो सके।
सिवनी मालवा से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, तीनों युवक सिवनी मालवा गए थे और लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतक शिवम तिवारी के पिता महेश तिवारी ने बताया कि शिवम उनका बड़ा बेटा था। हादसे की सूचना उन्हें सुबह करीब 6 बजे मिली, उस वक्त वे एक शादी समारोह में शामिल थे। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक पल की लापरवाही ने तीन घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए।

