Punjab Kesari MP ads

दिल दहला देने वाली हत्या: चरित्र विवाद में दो महिलाओं ने मजदूर महिला को बेरहमी से मार डाला

Wednesday, Feb 04, 2026-01:42 PM (IST)

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां आपसी रंजिश और चरित्र को लेकर चल रहे विवाद ने एक महिला की जान ले ली। आरोप है कि दो महिलाओं ने मिलकर अपनी ही सहकर्मी मजदूर महिला को अमानवीय तरीके से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। यह सनसनीखेज मामला मैनपुर ब्लॉक के शोभा थाना क्षेत्र का है, जहां 2 जनवरी को 37 वर्षीय महिला सुमित्रा नेताम की लाश उसके झोपड़ी नुमा घर में मिली थी।

मजदूरी के दौरान शुरू हुआ विवाद, जानलेवा रंजिश में बदला

पुलिस जांच में सामने आया है कि सुमित्रा नेताम, मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी। पति से अलग होने के बाद वह बीते दो वर्षों से गांव के बाहर झोपड़ी में रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी।
इसी दौरान वह गांव की दो अन्य मजदूर महिलाओं — सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) के संपर्क में आई। आरोप है कि सुमित्रा शराब के नशे में दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर गांव में आपत्तिजनक बातें फैलाती थी, जिससे उनके घरों में लगातार विवाद होने लगे थे। पति तक शक करने लगे थे। इसी बात से नाराज होकर दोनों महिलाओं ने उसे सबक सिखाने की साजिश रची।

झोपड़ी में बुलाकर किया अमानवीय हमला

2 जनवरी की दोपहर दोनों आरोपी महिलाएं सुमित्रा की झोपड़ी पर पहुंचीं। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सुमित्रा के हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ बर्बरता की। जब वह दर्द से तड़पती रही और बचने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके सीने पर चढ़कर डंडों, लात-घूंसों से जमकर हमला किया। झोपड़ी आबादी से दूर होने के कारण उसकी चीख-पुकार कोई नहीं सुन सका। कुछ ही देर में सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए झोपड़ी में आग लगाई और फरार हो गईं।

पहले दबाने की कोशिश, फिर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी शाम को गांव वालों को मिली। शुरुआत में पंचायत स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश हुई, लेकिन कुछ ग्रामीणों के विरोध के बाद 3 जनवरी को पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा

डॉक्टरों की प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सीने पर चढ़कर की गई पिटाई से दिल पर अत्यधिक दबाव पड़ा, जिससे मौत हो गई।

हिरासत में पूछताछ, आरोपियों ने कबूला जुर्म

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News