Govt Alert: महावीर जयंती की छुट्टी में हो सकता है बदलाव, जानें पूरा मामला
Saturday, Mar 28, 2026-02:16 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश में इस साल महावीर जयंती की शासकीय छुट्टी की तारीख को लेकर स्थिति साफ नहीं है। सरकारी कैलेंडर में जहां 31 मार्च को अवकाश घोषित है, वहीं जैन समाज और पंचांग के अनुसार भगवान महावीर का जन्म कल्याणक 30 मार्च को मनाया जाएगा। इसी वजह से अब छुट्टी की तारीख बदलने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
सत्ता और विपक्ष—दोनों ही दलों के विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर 31 मार्च के बजाय 30 मार्च को अवकाश घोषित करने की अपील की है। उनका कहना है कि जब धार्मिक आयोजन 30 मार्च को होंगे, तो उसी दिन सार्वजनिक अवकाश होना चाहिए, ताकि समाज के लोग पूरे श्रद्धा के साथ पर्व मना सकें।
पृथ्वीपुर से कांग्रेस विधायक नितेंद्र बृजेंद्र सिंह राठौर ने अपने पत्र में जैन समाज की भावनाओं का हवाला देते हुए तारीख में संशोधन की मांग की है। वहीं, सागर जिले की बंडा सीट से बीजेपी विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार ने भी इसी मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि देशभर में जैन समाज 30 मार्च को महावीर जयंती मना रहा है, ऐसे में 31 मार्च को छुट्टी रखना व्यावहारिक नहीं है।
हालांकि, सरकार के पास कुछ ऐसे सुझाव भी पहुंचे हैं, जिनमें 31 मार्च की छुट्टी को यथावत रखने की बात कही गई है। इन अलग-अलग मतों के चलते प्रशासन फिलहाल असमंजस की स्थिति में है और सभी पक्षों पर विचार कर रहा है।
अब सबकी नजर सामान्य प्रशासन विभाग पर टिकी है। यदि मुख्यमंत्री स्तर पर सहमति बनती है, तो जल्द ही संशोधित अधिसूचना जारी की जा सकती है। इससे पहले भी राज्य सरकार होली जैसे त्योहारों की तारीखों में बदलाव कर चुकी है। फिलहाल स्थिति यही है कि आधिकारिक तौर पर 31 मार्च की छुट्टी लागू है, लेकिन 30 मार्च को अवकाश घोषित होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

