पहले पत्नी को जमकर पिलाई शराब, फिर पति ने कर दिया ऐसा खौफनाक कांड कि दहल उठे लोग
Friday, Jul 24, 2026-01:54 PM (IST)
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चरित्र पर शक ने एक पति को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने अपनी दूसरी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोप है कि पहले पत्नी को शराब पिलाई गई और फिर धारदार चाकू से उसका गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर के पीछे फेंक दिया गया, जहां वह कई दिनों तक पड़ा रहा। बदबू फैलने पर घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार मामला दंतेवाड़ा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान झुमकी कुंजाम (35) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति लक्ष्मण कुंजाम (36) है, जो अपने गांव का पूर्व सरपंच भी रह चुका है। दोनों मूल रूप से गोंदपाल गांव के निवासी थे, लेकिन पिछले कुछ समय से कतियाररास क्षेत्र में रह रहे थे।
शक ने छीनी एक और जान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर लंबे समय से संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 17 जुलाई को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उस समय शराब के नशे में था। गुस्से में उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी।
छह दिन तक घर के पीछे पड़ा रहा शव
हत्या के बाद आरोपी शव को घर के पीछे फेंककर फरार हो गया। कई दिनों तक किसी को घटना की भनक नहीं लगी। जब शव से दुर्गंध आने लगी और आसपास के लोगों ने बदबू महसूस की तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
जांच में पति पर गया शक, हिरासत में लिया गया
घटना के बाद से आरोपी गांव से गायब था, जिससे पुलिस का संदेह उसी पर गया। तलाश के दौरान पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पहली पत्नी की हो चुकी थी मौत
पुलिस के अनुसार लक्ष्मण कुंजाम की पहली पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे हैं। बाद में उसने झुमकी कुंजाम से दूसरी शादी की थी। घटना के समय बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

