प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, 3 महीने बाद जमीन में दफन मिला शव
Saturday, Jul 11, 2026-06:00 PM (IST)
सतना (अनुपम सिंह परिहार): जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में तीन महीने से लापता युवक की गुमशुदगी की जांच ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी। हत्या के बाद शव को पहले कुएं में फेंका गया और पुलिस का दबाव बढ़ने पर उसे निकालकर रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन में दफना दिया गया। पुलिस ने दफन शव बरामद कर मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
रामपुर बाघेलान थाना पुलिस के अनुसार विपिन कुमार यादव की गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि 25 मार्च 2026 को रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी सुनील कुशवाहा विपिन के घर आया था और रात में वहीं रुका। अगले दिन वह विपिन को टीकर गांव घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद विपिन का कोई सुराग नहीं मिला।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 26 मार्च को सुनील कुशवाहा और उसका साथी संदीप बहरोलिया, विपिन के साथ शराब पीते हुए देखे गए थे। घटना के बाद दोनों गांव छोड़कर फरार हो गए, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का विवाह से पहले से ही सुनील कुशवाहा के साथ प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस के मुताबिक इसी प्रेम संबंध के चलते पति विपिन यादव को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पुलिस के अनुसार योजना के तहत सुनील कुशवाहा ने अपने साथी संदीप बहरोलिया के साथ मिलकर विपिन की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पहले एक कुएं में फेंक दिया गया। लेकिन जब पुलिस की जांच तेज हुई और आरोपियों पर दबाव बढ़ा तो शव को कुएं से निकालकर सुनील के घर से कुछ दूरी पर जमीन में दफना दिया गया।
पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में खुदाई कराई गई, जहां से विपिन कुमार यादव का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मामले में सुनील कुशवाहा और आंचल यादव को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में फरार आरोपी संदीप बहरोलिया की तलाश जारी है।

