अभि तोमर हत्याकांड पर बड़ा खुलासा.. 20 हजार का इनामी मास्टरमाइंड गुलशन यादव गिरफ्तार, बदला लेने के लिए रची थी खूनी साजिश
Sunday, Jun 28, 2026-05:51 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर के बहुचर्चित अभि उर्फ अभितेंद्र तोमर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश गुलशन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही हत्या में शामिल सभी शूटरों और फरारी के दौरान उनकी मदद करने वाले छह आरोपियों को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 की रात लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने अभि उर्फ अभितेंद्र तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर एक-एक कर सभी आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड गुलशन यादव था, जिसने अपने भाई विष्णु यादव की हत्या का बदला लेने के लिए पूरी साजिश रची थी। वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए पहले अहमदाबाद और फिर रामेश्वरम भाग गया था। बाद में अग्रिम जमानत के लिए इंदौर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस पहले ही चार मुख्य शूटरों पीयूष उर्फ दद्दू, सत्यबीर उर्फ सत्ते, चंद्रकांत उर्फ डीलू लहारिया और गौरव जाटव को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं हत्यारों को शरण देने, आर्थिक मदद करने और फरारी में सहयोग करने के आरोप में छह अन्य आरोपियों, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल, .315 बोर की बंदूक और दो देशी कट्टे बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी गुलशन यादव पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 26 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री और फरारी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।

