राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई विपिन के बड़े आरोप से हलचल, आरोपी पत्नी सोनम को लेकर किया बड़ा खुलासा
Monday, Jun 15, 2026-08:29 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह लगातार झूठ बोलकर खुद को बचाने की कोशिश कर रही है। विपिन का दावा है कि सोनम की गतिविधियां शुरू से ही संदिग्ध रही हैं और वह कानून को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
सोनम झूठ का सहारा लेकर खुद को बचाना चाहती है -राजा

दरअसल राजा रघुवंशी हत्याकांड में मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम रघुवंशी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल झूठ का सहारा लेकर खुद को बचाना चाहती है। विपिन के मुताबिक, सेशन कोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी सोनम किसी अदालत की तारीख पर पेश नहीं हुई, जिससे उसके इरादों पर सवाल खड़े होते हैं।
राजा की हत्या के बाद सोनम ने खुद नेपाल भागने की बात कही थी- राजा
उन्होंने दावा किया कि राजा की हत्या के बाद सोनम ने खुद नेपाल भागने की बात कही थी। विपिन ने आरोप लगाया कि सोनम ने शिलांग में होने का नाटक रचकर मीडिया और कानून को गुमराह किया। उनका कहना है कि यदि सोनम निर्दोष थी तो उसे तुरंत सामने आकर अपनी बात रखनी चाहिए थी।
सोनम को उसके माता-पिता और भाई गोविंद का पूरा समर्थन-राजा
विपिन ने यह भी आरोप लगाया कि सोनम को उसके माता-पिता और भाई गोविंद का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार राजा को न्याय दिलाने के लिए अंतिम सांस तक कानूनी लड़ाई लड़ता रहेगा।

