Punjab Kesari MP ads

मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले बड़ा खतरा टला! स्विफ्ट कार से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

Tuesday, Jul 28, 2026-10:04 AM (IST)

डबरा (भरत रावत): मुख्यमंत्री मोहन यादव के दतिया दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस और जांच एंजेसिया अलर्ट मोड पर रखी गई। इसी बीच चेकिंग के दौरान डबरा सिटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डबरा देहात थाना पुलिस ने स्विफ्ट कार से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।  

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का कट्टा, 12 बोर की बंदूक, 27 जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी हथियारों से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और इनके संभावित आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति सरकारी अस्पताल के पास अवैध हथियार लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आसिफ मिर्जा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी कार लेकर ग्वालियर की ओर भाग निकले। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और पिछोर चौराहे के पास चारों ओर से घेरकर कार को रोक लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक 12 बोर की बंदूक, 24 जिंदा कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ उर्फ गुच्ची और भोला खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आसिफ उर्फ गुच्ची का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड है, जबकि भोला खान के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी आसिफ मिर्जा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हथियार और वाहन जब्त कर लिए गए हैं। पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किस वारदात में इस्तेमाल किया जाना था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं। मामले की विवेचना जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News