Punjab Kesari MP ads

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, पैरों के निशान से खुला खौफनाक राज

Thursday, Jul 02, 2026-06:50 PM (IST)

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। आरोपी प्रेमी ने घर के आंगन में सो रहे पति के सिर पर लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

खटिया पर मिला लहूलुहान शव

घटना पंधाना थाना क्षेत्र के कुसुम्बिया गांव की है। मंगलवार रात 28 वर्षीय केदार, पिता कुर्बान, खाना खाने के बाद घर के आंगन में खटिया पर सो गया था। बुधवार सुबह परिजनों ने उसे खून से लथपथ मृत अवस्था में देखा। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से किए गए गहरे वार के निशान मिले।

PunjabKesari

एफएसएल टीम और पैरों के निशान से खुला राज

सूचना मिलते ही पंधाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शुरुआती पूछताछ में पत्नी सहित परिजनों ने हत्या की जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस ने घटनास्थल पर मिले पैरों के निशानों का पीछा किया, जो एक क्रेशर मशीन तक पहुंचे। वहां से पक्की सड़क शुरू होने के कारण निशान समाप्त हो गए। इसके बाद साइबर सेल की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। संदेह के आधार पर करण, पिता राजू, से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पत्नी ने रची थी हत्या की साजिश

डीएसपी (मुख्यालय) अनिल सिंह चौहान ने बताया कि जांच में प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी करण के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। योजना के तहत करण ने रात में घर के बाहर सो रहे केदार के सिर पर लकड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी करण और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News