IAS अधिकारी की पत्नी जिम की लिफ्ट में फंसी, मची अफरा-तफरी
Friday, May 01, 2026-03:30 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक आईएएस अधिकारी की पत्नी के साथ हादसा हो गया। महिला अचानक जिम की लिफ्ट में फंस गई। कुछ समय तक बाहर संपर्क नहीं हो पाने से वे घबरा गईं। मौके पर अफरा-तफरी मची है। वहीं, व्यावसायिक इमारतों में संचालित लिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी सुबह करीब आठ बजे जिम जाने के लिए लिफ्ट का उपयोग कर रही थीं। इसी दौरान लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच में रुक गई और वे अंदर ही फंस गईं। कुछ समय तक बाहर संपर्क नहीं हो पाने से वे घबरा गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही एक टीम को तत्काल भेजा गया और आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं, मुख्य विद्युत निरीक्षक सुरेश कुमार नेताम ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है लेकिन अगर ऐसा मामला सामने आता है तो संबंधित लिफ्ट की तकनीकी जांच कराई जाएगी और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में शहर की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट खराब होने की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले 20 अप्रैल को करेंसी टॉवर में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लिफ्ट में फंस गई थीं, जहां बुनियादी सुरक्षा सुविधाओं के अभाव की बात सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद लिफ्टों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के सख्त पालन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

