Punjab Kesari MP ads

सीधी में खनन माफिया बेलगाम: सोन नदी घाट पर टीम पर हमला, वीडियो आया सामने

Wednesday, Apr 01, 2026-10:41 PM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला): मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल जनपद क्षेत्र में सोन नदी के खुटेली घाट पर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची टीम पर रेत माफियाओं ने हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, सोन घड़ियाल विभाग की टीम को अवैध उत्खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम बहरी थाना क्षेत्र के खुटेली घाट पहुंची, जहां मौके पर अवैध रेत खनन जारी था। अधिकारियों को देखते ही वहां मौजूद लोग पहले ट्रैक्टर छोड़कर भाग खड़े हुए, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा संगठित होकर लौट आए।

बताया जा रहा है कि माफियाओं ने टीम को चारों ओर से घेर लिया और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इस दौरान उनके साथ जमकर मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों की दबंगई साफ दिखाई दे रही है। हमले के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए।

इस मामले में बहरी थाने में लवकेश उपाध्याय, प्रभांशु पाठक, पतुलखी निवासी समेत एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 126(2), 132, 296, 121, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सोन घड़ियाल विभाग के डिप्टी संजीव सोनकर और कर्मचारी एहसान मलिक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोन घड़ियाल विभाग के कर्मचारियों के लिए रात में गश्त करना अब जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस अधीक्षक स्तर पर विशेष टीम गठित कर घाटों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

वहीं, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ जब्त वाहन भी बरामद किए जाएंगे।सोन नदी में बढ़ता अवैध रेत उत्खनन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई कर माफियाओं पर शिकंजा कसती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News