Punjab Kesari MP ads

Fuel Price Update: पेट्रोल-डीजल कीमतों पर बड़ा फैसला, CM का बड़ा बयान आया सामने

Saturday, Mar 28, 2026-01:09 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए समय पर फैसले लिए हैं। खासतौर पर पेट्रोल-डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में की गई कटौती को उन्होंने जनहित में उठाया गया अहम कदम बताया। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद देश में तेल की आपूर्ति पर्याप्त बनी रहेगी और रिफाइनरियां सुचारू रूप से काम करती रहेंगी।

इधर, प्रदेश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में गैस एजेंसियों की अव्यवस्था के चलते महिलाओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। सिलेंडर वितरण में देरी और एजेंसी के देर से खुलने पर गुस्साई महिलाएं हाईवे पर पहुंच गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनकर एजेंसी संचालक से तत्काल बातचीत की और सिलेंडरों का वितरण शुरू कराया, जिसके बाद हालात सामान्य हुए।

राजधानी भोपाल में भी ईंधन को लेकर दबाव देखा जा रहा है। कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य पेट्रोल खत्म होने की स्थिति बनी, जिससे लोगों को प्रीमियम पेट्रोल लेना पड़ा। शहर के कुछ प्रमुख पंपों पर आपूर्ति प्रभावित रही, वहीं खपत में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकार का दावा है कि स्थिति जल्द पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News