Punjab Kesari MP ads

एमपी में पिस्टल की नोक पर नामी कारोबारी से दरिंदगी, बंधक बनाकर हैवानियत की हदें पार; FIR दर्ज

Wednesday, Apr 22, 2026-10:58 AM (IST)

ग्वालियरः मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में बेखौफ बदमाशों द्वारा एक कंस्ट्रक्शन कंपनी संचालक और जमीन कारोबारी को बातचीत के बहाने बुलाकर बंधक बनाने, मारपीट करने, ओरल सेक्स और जबरन वसूली करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार घटना हजीरा थाना क्षेत्र स्थित पीतांबरा धर्मकांटा की है, जहां बीती 15 अप्रैल को गोला का मंदिर थाना क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय कारोबारी को परिचित ओमकार सिंह उर्फ भूरे सिकरवार ने लेनदेन की बातचीत के नाम पर बुलाया था। कारोबारी पिछले कई वर्षों से आरोपी को जानता था। बताया गया है कि मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी ओमकार सिंह अपने साथियों के साथ वहां आया और कारोबारी को धर्मकांटा कार्यालय के अंदर ले गया, जहां पहले से आधा दर्जन लोग मौजूद थे। अंदर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। 

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे। उसके पास नगद राशि नहीं होने पर क्यूआर कोड के माध्यम से उसके परिजन से करीब 1500 रुपये मंगवाए गए। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और डराने-धमकाने के लिए अश्लील हरकत करते हुए उसका वीडियो बना लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसे पिस्टल की नोक पर धमकाकर अपने परिचित के खिलाफ अपशब्द कहलवाए और उसका वीडियो रिकॉर्ड कर संबंधित व्यक्ति को भेज दिया। इसके साथ ही आरोपियों ने उससे तीन खाली चेकों पर हस्ताक्षर भी कराए, जिनमें प्रत्येक की राशि दस-दस लाख रुपये बताई गई है। 

घटना के दौरान पीड़ित के बेटे को भी मौके पर बुलाया गया और उसके सामने ही मारपीट कर दबाव बनाया गया। करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद आरोपियों ने रात में उसे छोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News