अंबेडकर जयंती मनाने के बहाने से युवक को बुलाया... घर में बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट, 5 पर केस दर्ज
Tuesday, Apr 14, 2026-03:51 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): जिले के भगवा थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में अंबेडकर जयंती की तैयारी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय युवक के साथ देर रात बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित को इतना पीटा गया कि वह लहूलुहान हो गया और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, हरपुर गांव निवासी सतीश अहिरवार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही पांच लोगों ने उसे रात करीब 3:30 बजे अंबेडकर जुलूस की तैयारी के नाम पर बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसे एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया और जमकर मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और छीन लिया। मारपीट के दौरान सतीश को बांधकर रखा गया। काफी देर तक पिटाई करने के बाद उसे गंभीर हालत में छोड़ दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, मामले में भगवा थाना पुलिस का कहना है कि रात में मारपीट की घटना जरूर हुई है और सुबह पीड़ित की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि पुलिस के अनुसार दर्ज रिपोर्ट में अंबेडकर जुलूस की तैयारी को लेकर किसी विवाद का उल्लेख नहीं है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पड़ोस की एक लड़की से बातचीत को लेकर विवाद का सामने आया है, जिसको लेकर युवक के साथ मारपीट की गई। फिलहाल पुलिस ने लखन, दिनेश, राकेश, मनोज और किशोर सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

