होटल रेटिंग के नाम पर साइबर ठगी, 150 रुपये से शुरू हुआ खेल और युवक से ऐंठे 1 लाख
Monday, Sep 07, 2026-07:59 PM (IST)
इंदौर। सोशल मीडिया पर घर बैठे कमाई का ऑफर एक युवक के लिए महंगा साबित हुआ। इंस्टाग्राम से शुरू हुई बातचीत टेलीग्राम तक पहुंची और होटल की ऑनलाइन रेटिंग के बदले पैसे कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने युवक को धीरे-धीरे बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए तैयार कर लिया। ठगों ने पहले महज 150 रुपये खाते में भेजकर भरोसा कायम किया। इसके बाद छोटे-छोटे टास्क के नाम पर युवक से रकम जमा कराई गई। शुरुआती भुगतान वापस मिलने से उसे लगा कि यह कोई वास्तविक ऑनलाइन काम है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर ठगों ने रकम का स्तर लगातार बढ़ाना शुरू कर दिया।
पहले कमाई का भरोसा, फिर बढ़ता गया निवेश
सुदामा नगर निवासी 32 वर्षीय अमित सेवारिक को घर से काम करने और ऑनलाइन पैसा कमाने का संदेश मिला था। उसे होटल को रेटिंग देने और उसका स्क्रीनशॉट भेजने का काम दिया गया। टास्क पूरा करने के बाद यूपीआई की जानकारी ली गई और उसके खाते में 150 रुपये भेजे गए।
इसके बाद युवक को एक हजार रुपये जमा करने को कहा गया। रकम भेजने के बाद खाते में 1440 रुपये लौटाए गए। कुछ समय बाद तीन हजार रुपये का टास्क दिया गया और 4080 रुपये वापस किए गए। इस तरह हर बार थोड़ा अधिक पैसा लौटाकर ठगों ने युवक का भरोसा और मजबूत कर दिया।
हजारों से शुरू हुआ खेल सीधे 40 हजार तक पहुंचा
भरोसा बनने के बाद ठगों ने बड़े टास्क सामने रखे। पांच हजार रुपये के बाद 15 हजार, 41 हजार और 69 हजार रुपये तक के विकल्प बताए गए। युवक ने 15 हजार रुपये वाला विकल्प चुना।इसके बाद उसे 40 हजार रुपये जमा करने का नया टास्क दिया गया। ठगों ने दावा किया कि यह प्रक्रिया पूरी होते ही 79,240 रुपये वापस मिल जाएंगे। युवक ने उनके बताए बैंक खाते में रकम जमा कर दी। लेकिन यहीं से ठगी का असली खेल शुरू हुआ।
'टास्क गलत हुआ, पैसा ब्लॉक है' कहकर बनाया नया बहाना
रकम जमा होने के बाद ठगों ने कहा कि टास्क निर्देश के अनुसार पूरा नहीं हुआ है और उसकी पूरी रकम ब्लॉक हो गई है। समस्या का समाधान कराने के नाम पर उसे एक कथित 'सीनियर' से संपर्क कराने के लिए लिंक भेजा गया। सीनियर बनकर बात करने वाले व्यक्ति ने भी युवक को भरोसा दिलाया कि उसका पैसा वापस मिल जाएगा। इसके लिए एक और टास्क पूरा करने की शर्त रखी गई।
पैसा वापस लेने के नाम पर फिर जमा कराए 40 हजार
इस बार युवक से कुल 40 हजार रुपये और जमा करवाए गए। इसमें 20 हजार रुपये यूपीआई के जरिए तथा बाकी 20 हजार रुपये बैंक खाते में भेजने को कहा गया। बदले में 1,31,270 रुपये वापस मिलने का लालच दिया गया। लेकिन रकम जमा करने के बाद भी पैसा वापस नहीं आया। इसके बजाय ठगों ने एक और बड़ा टास्क सामने रख दिया।
65 हजार देकर 2.22 लाख पाने का लालच
आखिरी चरण में युवक के सामने 65 हजार, 98 हजार और 1.18 लाख रुपये के विकल्प रखे गए। उसे 65 हजार रुपये जमा करने पर 2,22,270 रुपये वापस मिलने का दावा किया गया। इस बार युवक को पूरे मामले पर शक हो गया। उसने और पैसे भेजने से इनकार कर दिया और पुलिस से शिकायत कर दी। अन्नपूर्णा पुलिस ने अमित सेवारिक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह घटना 22 से 24 जुलाई के बीच की है।
एक और युवक भी ऑनलाइन ठगी का शिकार
इसी तरह शिप्रा थाना क्षेत्र के कदवा निवासी अमजद पटेल के साथ भी ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। उसके साथ करीब 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी होने की शिकायत पुलिस तक पहुंची है।साइबर ठगी के इन मामलों में एक बात समान नजर आती है—ठग पहले छोटी रकम का भुगतान कर पीड़ित का विश्वास जीतते हैं और बाद में बड़े निवेश या टास्क के नाम पर लगातार पैसे ट्रांसफर करवाते हैं।

