जबलपुर क्रूज हादसा: CM मोहन की सीधी मॉनिटरिंग, मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख मुआवजे का ऐलान, बरगी डैम में 5 की मौत
Thursday, Apr 30, 2026-09:14 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश के जबलपुर से गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां बरगी डैम में पर्यटकों से भरा एक क्रूज तेज आंधी-तूफान की चपेट में आकर डूब गया। यह हादसा नर्मदा नदी के खमरिया टापू के पास हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं ने क्रूज का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते क्रूज पानी में समा गया। उस समय क्रूज में कुल 29 लोग सवार थे, जिनमें से 15 पर्यटक किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही SDRF और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों और मौसम की सतर्क निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।

