जयवर्धन सिंह बोले- भाजपा नहीं सिंधिया के इशारे पर चलते हैं सिंसौदिया और सिलावट

Tuesday, Apr 25, 2023-07:42 PM (IST)

गुना (मिस्बाह नूर): दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे मध्यप्रदेश के केबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया और तुलसीराम सिलावट पर जयवर्धन सिंह ने तंज कसा है। राघौगढ़ विधायक ने कहा है कि दोनों ही मंत्रियों में स्व-विवेक नहीं है। गुना में बाल कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आए राघौगढ़ विधायक ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पारंपरिक रूप से पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया को निशाने पर लिया। सवालों के क्रम में तुलसीराम सिलावट का भी जिक्र आया। दोनों ही मंत्रियों द्वारा की जा रही बयानबाजी पर जवाब देने के लिए जयवर्धन सिंह उत्साहित नजर आए। उन्होंने सिसौदिया और सिलावट को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आदेश पर चलने वाला राजनेता बताया।

PunjabKesari

जयवर्धन सिंह ने यहां तक कह दिया कि सिंधिया कहेंगे तो दोनों ही मंत्री कुर्सी से उठ जाएंगे और जब आदेश मिलेगा तो कुर्सी पर बैठ भी जाएंगे। सिसौदिया और सिलावट महल के आदेश पर चलते हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा करते हुए जयवर्धन सिंह ने स्पष्ट किया है कि टिकट वितरण को लेकर सभी क्राइटेरिया पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ तय करेंगे। हालांकि साल 2023 के अंत में शुरु हो रहे चुनावी समर में जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस की बड़ी जीत का दावा किया है। खासकर, ग्वालियर चंबल संभाग की सभी सीटों पर कांग्रेस की जीत की संभावना जताते हुए जयवर्धन सिंह ने उपचुनावों का हवाला दिया है। जिसमें मुरैना और ग्वालियर क्षेत्र में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था।

PunjabKesari

जयवर्धन ने भाजपा के बड़े नेताओं पर तंज कसते हुए कहा है कि जब विधानसभा के चुनाव आएंगे तो यह नेता न तो प्रशासन के पीछे छिप सकेंगे और न ही पुलिस के पीछे। धन-बल भी इन्हें हार से नहीं बचा पाएगा। किसानों की वर्तमान स्थिति पर भी जयवर्धन सिंह ने चिंता जताई है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार को इस मुद्दे पर भी नाकाम बताते हुए कहा है कि भाजपा सरकार एमएसपी घोषित तो कर देती है, लेकिन मंडियों में उसके मुताबिक खरीदी नहीं हो रही है। इसके चलते किसानों में भारी आक्रोश है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News