कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में आए नन्हें मेहमान, जमुना बाघिन ने दिया 1 सफेद और 3 पीले शावकों को जन्म
Saturday, Apr 02, 2022-12:45 PM (IST)

इंदौर(गौरव कंछल): इंदौर शहर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय शुक्रवार को एक खुशखबरी सामने आई है। जहां प्राणी संग्रहालय में मौजूद बाघिन जमुना ने चार नन्हे शावकों को जन्म दिया है। इन चार शावकों में एक शावक सफेद रंग का है। गुरुवार को प्राणी संग्रहालय में छ: भेडियों की मौत की खबर के बाद मायूसी छा गई थी। वही मायूसी के बीच जमुना ने चार शावकों को जन्म दिए जाने की खबर से प्रबंधन की मायूसी में कमी नजर आई है। प्राणी संग्रहालय में मौजूद 9 साल की जमुना ने शुक्रवार को चार शावकों को जन्म दिया है। जो प्राणी संग्रहालय के लिए एक अच्छी खबर है। नन्हें शावको के साथ अब बाघ के कुनबे में वृद्धि हुई है और अभी इनकी संख्या 12 हो गई है।
प्राणी संग्रहालय के प्रभारी डॉ उत्तम यादव के अनुसार बच्चों को मां के पास ही रखा गया है। वर्तमान में सभी शावकों की हालत ठीक है। बाघिन जमुना की सफेद मेल के साथ ब्रीडिंग होना प्रबंधन के लिए एक अच्छी खबर है। 4 नन्हे शावकों के साथ बाघ के कुनबे में वृद्धि हुई है जिसमें सफेद कलर का बाघ प्राणी संग्रहालय के लिए एक अच्छी उपलब्धि भी है।