जयवर्धन ने सिंधिया को बताया रावण, गद्दार से की उनकी तुलना! बोले- उनके जाने से कांग्रेस और मजबूत हुई
Sunday, Jul 09, 2023-07:38 PM (IST)

गुना (मिस्बाह नूर): केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक दिन पहले राघौगढ़ में पूर्व सीएम दिग्विजय और विधायक जयवर्धन सिंह पर हमला बोला था। सिंधिया ने दिग्विजय सिंह की तुलना रावण से कर दी। सिंधिया के इस बयान पर राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने करारा जवाब देते हुए पलटवार किया है।
जयवर्धन सिंह ने राघौगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा दिग्विजय सिंह के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों की निंदा करते हुए कहा है, कि ऐसा वही व्यक्ति बोल सकता है, जिसके मन में रावण हैं। राघौगढ़ वालों के मन में हमेशा राम रहते हैं, इसलिए वह सभी को राम के दृष्टिकोण से ही देखते हैं। जयवर्धन सिंह ने बिना नाम लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया की तुलना गद्दार से की। उन्होंने तंज कसा कि साल 2020 में कांग्रेस से सभी गद्दार चले गए थे, तब से ग्वालियर संभाग में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हुई है। पहली बार कांग्रेस मुरैना और ग्वालियर नगर निगम जीती। ज्योतिरादित्य सिंधिया के ग्वालियर संभाग में सक्रिय होने पर जयवर्धन सिंह ने पलटवार किया कि अब कांग्रेस की स्थिति इस संभाग में पहले से मजबूत हुई है। गौरतलब है कि 9 जुलाई को जयवर्धन सिंह का जन्मदिन भी है, इसलिए उन्होंने तीखी बयानबाजी से बचने का प्रयास किया और सिंधिया-शिवराज के आरोपों का महज जवाब दिया है। जयवर्धन सिंह ने अपने जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं व सहयोगियों से अपील की है कि वे गरीबों, जरूरतमंदों को भोजन कराएं तो उन्हें खुशी होगी।