इधर दिग्विजय सिंह राज्यसभा जाने से कर रहे इंकार, उधर जीतू पटवारी ने कर दिया बड़ा दावा
Friday, Mar 20, 2026-05:59 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान): कांग्रेस राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का कार्यकाल इसी साल खत्म होने वाला है। उनके सीट खाली होने से प्रदेश में दावेदारों के नए चेहरे भी सामने आ रहे हैं। इसी बीच राज्यसभा के लिए संभावित चेहरों के बीच जीतू पटवारी ने अपना रुख साफ किया है। जीतू पटवारी ने कहा कि मेरे अलावा कोई भी राज्यसभा जा सकता है, वो दिग्विजय सिंह भी हो सकते हैं, पार्टी आलाकमान ये तय करेगा।

मेरे अलावा कोई भी राज्यसभा जा सकता है, दिग्विजय सिंह भी -जीतू
जीतू पटवारी ने राज्यसभा को लेकर बड़ा बयान देते हुए खुद को दावेदारी से अलग बताया है। दरअसल भोपाल में कथावाचक मोहित नागर को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के दौरान जीतू पटवारी ने ये खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई भी नेता उम्मीदवार बन सकता है, अंतिम फैसला संगठन ही करेगा। जीतू ने इस मौके पर कहा कि दिग्विजय सिंह भी राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं। इस दौरान उन्होंने राज्यसभा चुनाव और संगठन से जुड़े मुद्दों पर काफी बेबाकी से बात रखी है।
पार्टी और संगठन की जिम्मेवारी है-जीतू
राज्यसभा में जाने के सवाल पर जीतू पटवारी ने अपना रुख साफ किया है। इस सवाल पर जीतू ने कहा है कि उनके ऊपर अभी पार्टी और संगठन की जिम्मेवारी है। जीतू ने कहा कि वो पूरी वचनवद्धता के साथ कांग्रेस को प्रदेश में मजबूत करने पर लगे हुए हैं। जीतू पटवारी ने बताया कि वो आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर जमीनी तैयारी कर रहे हैं। इसलिए उनका पूरा फोकस फिलहाल पार्टी और सगंठन की मजबूती पर है। मध्यप्रदेश में जून में खाली होने वाली राज्यसभा सीट को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी स्तर पर लगातार मंथन चल रहा है और संभावित नामों पर विचार किया जा रहा है। अन्य राज्यों में हुई क्रॉस वोटिंग के बाद सतर्कता भी बढ़ गई है।

