सोशल मीडिया पर देखी हीरों की खबर, पन्ना पहुंचे पति-पत्नी की चमकी किस्मत; 6 महीने में मिले 4 हीरे
Friday, Oct 02, 2026-05:59 PM (IST)
पन्ना। मध्य प्रदेश की रत्नगर्भा धरती पन्ना ने एक बार फिर एक साधारण परिवार की किस्मत चमका दी है। सोशल मीडिया पर पन्ना की हीरा खदानों से जुड़ी खबरें देखकर यहां किस्मत आजमाने पहुंचे झांसी के एक दंपती को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब छह महीने की कड़ी मेहनत के बाद पति-पत्नी को एक साथ चार बेशकीमती हीरे मिले हैं। इनका कुल वजन 5.16 कैरेट है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
सोशल मीडिया की खबरों से मिली हीरा खदान लगाने की प्रेरणा
झांसी निवासी राजकुमार श्रीवास और उनकी पत्नी गुड्डी देवी ने सोशल मीडिया पर पन्ना में लोगों को हीरे मिलने की खबरें देखी थीं। इन खबरों से प्रेरित होकर दंपती ने भी पन्ना में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया। इसके बाद पत्नी के मायके पन्ना पहुंचकर उन्होंने सरकोहा क्षेत्र में हीरा खदान लगाई और करीब छह महीने तक लगातार मेहनत की। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें एक साथ चार हीरे मिल गए।

एक साथ मिले 5.16 कैरेट के चार हीरे
दंपती को मिले चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है। इनमें 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो उज्ज्वल किस्म के हीरे शामिल हैं। वहीं, 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट के दो हीरे मैला किस्म के बताए गए हैं। दंपती ने इन सभी हीरों को नियमानुसार हीरा पारखी कार्यालय में जमा करा दिया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
बच्चों की पढ़ाई और कारोबार में लगाएंगे रकम
इस सफलता से राजकुमार श्रीवास और उनका परिवार बेहद खुश है। राजकुमार ने इसे माता रानी का आशीर्वाद और छह महीने की मेहनत का फल बताया है। दंपती का कहना है कि आगामी शासकीय नीलामी में हीरों की बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा, उनके उज्ज्वल भविष्य और कारोबार को आगे बढ़ाने में करेंगे। सोशल मीडिया पर देखी गई खबरों से प्रेरित होकर पन्ना पहुंचे इस दंपती के लिए छह महीने का संघर्ष आखिरकार खुशियों की सौगात लेकर आया है।

