Punjab Kesari MP ads

छात्रों की गूंज’ के बाद जीतू पटवारी का बड़ा ऐलान, MP के हर जिले में होगा कार्यक्रम; सरकार पर जमकर हमला

Sunday, Sep 20, 2026-03:11 PM (IST)

इंदौर: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के एक दिन बाद इंदौर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पटवारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं ने अपनी मौजूदगी से सरकार को संदेश दिया है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, युवाओं को रोजगार और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। साथ ही ऐलान किया कि अब मध्य प्रदेश के हर जिले में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। पटवारी ने कहा कि इंदौर में कल इतिहास रचा गया और छात्रों की समस्याओं को लेकर देश में नई बहस शुरू हुई है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने सरकार तक एक मजबूत संदेश पहुंचाया है।

प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं को लेकर पटवारी ने कहा कि जो कुछ हुआ, वह किसी के इशारे पर हुआ होगा। उन्होंने प्रशासन को भविष्य में राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए पैसे जमा कराने को लेकर भी सावधान रहने की बात कही।

पटवारी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इससे लाखों परिवार जुड़े हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने केजी से पीजी तक बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग दोहराई।मुख्यमंत्री और मंत्रियों की ओर से कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ बताए जाने पर पटवारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों को शिक्षा नहीं मिल पा रही है, तो इसे झूठ कैसे कहा जा सकता है। उन्होंने बीजेपी पर अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका असर एक दिन पार्टी पर पड़ेगा।

पटवारी ने मध्य प्रदेश के हर जिले में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के बैनर से पहले छात्रों और अभिभावकों के बैनर तले होगा। कार्यक्रम के मंच पर मौजूद छात्रों को लेकर बीजेपी की ओर से उठाए गए सवालों पर पटवारी ने कहा कि यह देखा जाना चाहिए कि मंच पर मौजूद लोग छात्र थे या नहीं और छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाए गए या नहीं।

रोजगार के मुद्दे पर पटवारी ने चीन और भारत के बीच तुलना करते हुए भी सरकार पर सवाल उठाए। वहीं, महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार विधेयक लेकर आए तो कांग्रेस उसे पास कराने के लिए तैयार है।

कार्यक्रम में मिमिक्री आर्टिस्ट को लेकर चल रहे विवाद पर पटवारी ने कहा कि मिमिक्री मनोरंजन का माध्यम है और किसी की भावनाओं का अपमान करना इसका उद्देश्य नहीं था। दिल्ली यूनिवर्सिटी चुनाव के नतीजों को लेकर सवाल उठाए जाने पर पटवारी ने कहा कि चुनाव कहीं भी हो, मुद्दे उठाना गलत नहीं है। सरकारी संपत्ति पर लगाए गए होर्डिंग्स को लेकर पटवारी ने शहर से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स से कांग्रेस का प्रचार ही हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News